NCERT Solution for Hindi Class 6 Chapter 11 वसंत - मैं सबसे छोटी होऊं

 NCERT Solution : हिंदी (वसंत) कक्षा 6 , पाठ 11 - मैं सबसे छोटी होऊं 

प्रश्न - अभ्यास 

कविता से 

1. कविता में सबसे छोटे होने की कल्पना क्यों की गई है ?
उत्तर :
कविता में सबसे छोटे होने की कल्पना इसलिए की गई है ताकि बच्चे को हमेशा माँ का साथ और माँ का प्यार मिलता रहे। 

2. कविता में 'ऐसी बड़ी न होऊँ मैं' क्यों कहा गया है ? क्या तुम भी हमेशा छोटे बने रहना पसंद करोगे ?
उत्तर :
कविता में 'ऐसी बड़ी न होऊँ मैं' इसलिए कहा गया है कि बड़ा होने पर माँ बच्चे को खिला - पिलाकर खिलौने देकर बहला देती है और परियों की कहानी भी नहीं सुनाती है। 

3. आशय स्पष्ट करो -
हाथ पकड़ फिर सदा हमारे 
साथ नहीं फिरती दिन - रात !
उत्तर :
बच्ची माँ से कहती है कि हे माँ , बड़ा होने पर तुम हमें नहला - धुलाकर , खिलौने देकर , अपने आप खेलने के लिए छोड़ देती हो। इस प्रकार तुम हर समय हमारे साथ नहीं रहती हो , साथ नहीं घूमती - फिरती हो। 

4. अपने छुटपन में बच्चे अपनी माँ के बहुत करीब होते है। इस कविता में नज़दीकी की कौन - कौन सी स्थितियाँ बताई गई है ?
उत्तर :
इस कविता में बच्चे का माँ की गोद में सोना , माँ के साथ घूमना , माँ के द्वारा बच्चे को नहलाना - धुलाना तथा खिलाना - पिलाना , परियों की कहानियां सुनाना , बच्चे को प्यार करना तथा उसे आँचल में छिपाये रखना आदि नज़दीकी की स्थितियाँ बताई गई है। 

कविता से आगे 

1. तुम्हारी माँ तुम लोगों के लिए क्या - क्या काम करती है ?
उत्तर :
हमारी माँ हमारे हर सुख - दुःख का ध्यान रखती है। वह हमें प्यार से सुलाती है और हमारे साथ घूमती - फिरती है। वह हमें अपने हाथ से नहलाती - धुलाती है तथा खाना खिलाती है। माँ हमें परियों की कहानियाँ भी सुनाती है। 

2. यह क्यों कहा गया है कि बड़ा बनाकर माँ बच्चे को छलती है ?
उत्तर :
'बड़ा बनाकर माँ बच्चे को छलती है' यह इसलिए कहा गया है क्योंकि बच्चे के बड़ा हो जाने पर माँ उसे खिलौनों आदि से खेलने के लिए बैठा देती है। वह उसे बचपन की तरह कहानियाँ भी नहीं सुनाती। बड़ा होने पर माँ बच्चे के साथ घूमना - फिरना भी बंद कर देती है तथा अपने कामों में लगी रहती है। 

3. उन क्रियाओं को गिनाओ जो इस कविता में माँ अपने छोटी बच्ची या बच्चे के लिए करती है। 
उत्तर :
माँ अपनी छोटी बच्ची या बच्चे को खाना खिलाना , नहलाना धुलाना , सज्जित करना तथा खिलौने आदि देने का कार्य करती है। 

अनुमान और कल्पना 

1. इस कविता के अंत में कवि माँ से चंद्रोदय दिखा देने की बात क्यों कर रहा है ? चाँद के उदित होने की कल्पना करो और अपनी कक्षा में बताओ। 
उत्तर :
कवि माँ से चंद्रोदय दिखाने की बात इसलिए कह रहा है क्योंकि चंद्रोदय का दृश्य बहुत ही सुन्दर होता है। बच्चे चाँद को प्यार से चंदा मामा कहते है , जिसका सम्बन्ध माँ से भी है। वे माँ का स्नेह व स्पर्श भी इसी बहाने चाहते है। 

2. इस कविता को पढ़ने के बाद एक बच्ची और उसकी माँ का चित्र तुम्हारे मन में उभरता है। वह बच्ची और क्या - क्या कहती होगी ? क्या - क्या करती होगी ? कल्पना करके एक कहानी बनाओ। 
उत्तर :
एक छोटी बच्ची सुबह - सुबह सोकर उठती है। उसने उठते ही अपनी माँ को आवाज लगाई , "मम्मी , मैं उठ गई हूँ। मुझे नाश्ता दे दो। " उसकी माँ रसोई से निकलकर कमरे में आई और बोली - "बेटी पहले ब्रश कर लो और मुँह - हाथ धो लो , तब तक मैं तुम्हारे लिए नाश्ता तैयार करती हूँ। बच्ची मुँह - हाथ धोकर नाश्ता करती है। फिर उसकी माँ उसे स्कूल जाने के लिए कहती है। वह आज स्कूल नहीं जाना चाहती। इस कारण अपनी माँ से कहती है , "माँ , आज मैं सारा दिन आपके साथ रहना चाहती हूँ। इसलिए आज मैं स्कूल नहीं जाऊँगी। " माँ , "नहीं , बेटी स्कूल से छुट्टी नहीं करनी चाहिए तुम स्कूल जाओ। दोपहर में जब वापस आओगी तो मैं तुम्हे अपने हाथ से खाना खिलाऊँगी और शाम को घुमाने ले जाऊँगी। " बच्ची स्कूल चली जाती है, दोपहर को वापस आने पर माँ उसे प्यार से खाना खिलाती है। बच्ची माँ को स्कूल में घटी बातें बताती है। माँ उसकी बातें सुनती है और उसे प्यार से समझाती रहती है। 
 शाम को वह उसे पार्क में ले जाती है। छोटी बच्ची वहाँ पर दूसरे बच्चों के साथ खेलती है और झूला झूलती है। फिर वह माँ के साथ वापस आ जाती है। रात होने पर माँ उसे खाना खिलाने के बाद एक कहानी सुनाती है। फिर उसे प्यार से सुला देती है। 

3. माँ अपना एक दिन कैसे गुज़ारती है ? कुछ मौकों पर उसकी दिनचर्या बदल जाया करती है जैसे - मेहमानों के आ जाने पर , घर में किसी के बीमार पड़ जाने पर या त्योहार के दिन। इन अवसरों पर माँ की दिनचर्या पर क्या फर्क पड़ता है ? सोचो और लिखो। 
उत्तर :
माँ अपना सारा दिन घर के काम - काज करने तथा घर की देखभाल करने में गुजारती है। कुछ ख़ास मौकों पर उसकी दिनचर्या में निम्नलिखित बदलाव आते है -
मेहमानों के आ जाने पर - किसी मेहमान के घर आ जाने पर माँ को उनके लिए अलग से बढ़िया खाना बनाना पड़ता है। प्रतिदिन के कुछ कामों को टाल कर उनकी देखभाल करनी पड़ती है। 
घर में किसी के बीमार पड़ जाने पर - घर में किसी के बीमार होने पर माँ को उसकी देखभाल करनी पड़ती है। उसे दवा आदि देने तथा उसकी देखभाल भली - भाँति करने के लिए उस दिन कई दैनिक कार्यों को टालना पड़ता होगा। 
त्योहार के दिन - त्योहार के दिन माँ अन्य दिनों से हटकर तरह - तरह के मिष्ठान तथा पकवान बनाती है। वह घर की साफ़ - सफाई विशेष तौर पर करती है। इस दिन घर में आने वाले लोगों का स्वागत तथा उनके भोजन आदि का प्रबंध करती है। 

भाषा की बात 

1. नीचे दिए गए शब्दों में अंतर बताओ , उनमे क्या फर्क है ?

स्नेह - प्रेम                     ग्रह - गृह 
शांति - सन्नाटा               निधन - निर्धन 
धूल - राख                     समान - सामान 

उत्तर :

शब्दअर्थवाक्य
स्नेहबच्चे के प्रति प्रेमछोटे बच्चे को सभी स्नेह करते है।
प्रेमकिसी के प्रति स्वाभाविक प्रेमहमें एक - दूसरे से प्रेम करना चाहिए।
शांतिमन की स्थिरताशिव भजन से मन को शांति मिलती है।
सन्नाटानिर्जनताइस सड़क पर तो सन्नाटा छाया है।
धूलसूखी मिट्टी के सूक्ष्म कणतेज हवा चलने से धूल उड़ने लगी।
राखजले पदार्थ का अवशेषशंभूनाथ अपने तन पर शमशान का राख लगाते हैं।
ग्रहनक्षत्रसौरमंडल में आठ ग्रह है।
गृहघरतुम्हें अपना गृह कार्य समय पर कर लेना चाहिए।
निधनआदरणीय व्यक्ति की मौतभीष्म पितामह जी के निधन से कौरवों और पांडवों में शोक फ़ैल गया था।
निर्धनगरीबशिव शंभो निर्धनों पर कृपा करे !
समानसदृश, एक - साशिव और विष्णु एक समान है।
सामानवस्तुएँ आदिमेज पर बहुत - सा सामान रखा है।

2. कविता में 'दिन - रात' शब्द आया है। दिन रात का विलोम है। तुम ऐसे चार शब्दों को जोड़े सोचकर लिखो जो विलोम शब्दों से मिलकर बने हों। जोड़ो के अर्थ को समझने के लिए वाक्य भी बनाओ। 

उत्तर :

शब्द - युग्मवाक्य प्रयोग
आना - जानाउत्सव के दिन मेहमानों का आना - जाना लगा रहता है।
हानि - लाभव्यापर में हानि - लाभ लगा ही रहता है।
अपने - पराएअपने - पराए की बात छोड़कर तुम न्याय की बात कहो।

कुछ करने को 

कक्षा में बच्चों को उनकी मर्ज़ी से दो समूहों में रखें -

(क) एक समूह में वे जो छोटे बने रहना चाहते है। 
(ख) दूसरे समूह में वे जो बड़े होना चाहते है। 

इन दोनों समूह के सभी बच्चे एक - एक कर बताएँगे कि वे क्यों छोटा बने रहना चाहते है या क्यों बड़ा होना चाहते हैं। 

उत्तर :

छात्र अध्यापक की मदद से स्वयं करें। 



Previous Post Next Post