NCERT Solution for Class 6 Hindi Chapter 8 वसंत - झाँसी की रानी

NCERT Solution : हिंदी (वसंत) कक्षा 6 , पाठ 8 - झाँसी की रानी 

प्रश्न - अभ्यास 

कविता से 

1. किन्तु कालगति चुपके - चुपके काली घटा घेर लाई '
(क) इस पंक्ति में किस घटना की ओर संकेत है ?
(ख) काली घटा घिरने की बात क्यों कही गई है ?
उत्तर :
(क) इस पंक्ति में झाँसी के राजा गंगाधर राव के मरने तथा रानी के विधवा होने से सारी खुशियों के शोक में बदलने की ओर संकेत किया गया है। 
(ख) जिस प्रकार काली घटाएं घिर कर सूर्य को ढक लेती है तथा प्रकाश को कम कर देती है , उसी प्रकार राजा की मृत्यु से झाँसी की खुशियाँ समाप्त हो गई और दुःख के काले बादल उमड़ने लगे। 

2. कविता की दूसरी पंक्ति में भारत को 'बूढ़ा' कहकर और उसमे 'नयी जवानी' आने की बात कहकर सुभद्रा कुमारी चौहान क्या बताना चाहती है ? 
उत्तर :
भारत को 'बूढ़ा' कहकर कवयित्री यह बताना चाहती है कि भारत लम्बे समय से अंग्रेजों की गुलामी में हर तरह से कमज़ोर हो रहा था। भारत की दशा शिथिल और जर्जर हो चुकी थी। 
'नयी जवानी' आने की बात कहकर कवयित्री यह कहना चाहती है कि अपनी खोई हुई आज़ादी को प्राप्त करने के लिए देश में नया जोश पैदा हो गया था। 

3. झाँसी की रानी के जीवन की कहानी अपने शब्दों में लिखो और यह भी बताओ कि उनका बचपन तुम्हारे बचपन से कैसे अलग था ?
उत्तर :
लक्ष्मीबाई के बचपन का नाम छबीली था। वह अपने माता - पिता की इकलौती संतान थी। वह कानपूर के नाना की मुँहबोली बहन थी। लक्ष्मीबाई बचपन से ही हथियारों से खेलती थी। विवाह के बाद वह झाँसी आ गई। लेकिन कुछ समय बाद ही राजा की मृत्यु हो गई। राजा निःसंतान मरे थे। वह विधवा हो गई। अंग्रेजी सेना ने झाँसी को हड़पने के लिए धावा बोल दिया। रानी और लेफ्टिनेंट वॉकर में युद्ध हुआ , जिसमे वॉकर पराजित हुआ। रानी ने कालपी और ग्वालियर पर अधिकार कर लिया। लेकिन वहाँ के शासक सिंधिया की मदद से अंग्रेजी सेना आ गई। ह्यूरोज भी आ गया। रानी घिर गई। सामने नाला आ गया और नया घोडा अड़ गया। घमासान युद्ध हुआ जिसमे रानी वीरगति को प्राप्त हो गई। लेकिन उनका नाम इतिहास में सदा के लिए अमर हो गया। 
रानी लक्ष्मीबाई का बचपन - लक्ष्मीबाई को हथियार प्रिय थे। बरछी , ढाल , कृपाण जैसे हथियार ही उनकी सहेली थे। उन्हें शिवाजी की वीरता की कहानियां याद थी। 
हमारा बचपन - हम बचपन में हथियारों से नहीं खेलते है। हम वीडियो गेम्स , कंप्यूटर , बिजली वाले खिलौने से खेलते है। राष्ट्रीय गीत हमें भी याद है। 

4. वीर महिला की इस कहानी में कौन - कौन से पुरुषों के नाम आये है ? इतिहास की कुछ अन्य वीर स्त्रियों की कहानियाँ खोजो। 
उत्तर :
वीर महिला की इस कहानी में शिवाजी , अर्जुन , शिवजी , डलहौजी , पेशवा , वॉकर , सिंधिया , जनरल स्मिथ , ह्यूरोज़ , नाना धुंधूपंत , ताँतियाँ , अज़ीमुल्ला सरनाम , अहमद शाह मौलवी और ठाकुर कुँवर सिंह के नाम आये है। (अन्य वीर स्त्रियों की कहानियाँ छात्र पुस्तकालय में पढ़े और खोजें ) . 

अनुमान और कल्पना 

1. कविता में किस दौर की बात है ? कविता में उस समय के माहौल के बारे में क्या पता चलता है ? 
उत्तर :
कविता में स्वाधीनता संग्राम के आरंभिक दौर की बात है। देश में स्वतंत्रता के लिए प्रयास आरम्भ हो गए थे। लेकिन अंग्रेजों का शासन विस्तृत हो रहा था। वह कई राज्यों पर कब्ज़ा कर चुके थे। बड़ी - बड़ी रानियों के आभूषण बाज़ारों में नीलाम होते थे। चारों ओर अराजकता का माहौल था। जिस कारण लोगों के मन में आज़ादी की चाह जाग उठी थी। 

2. सुभद्रा कुमारी चौहान लक्ष्मीबाई को 'मर्दानी' क्यों कहती है ?
उत्तर :
लक्ष्मीबाई ने वीर सेनापतियों की तरह अंग्रेजों से युद्ध किया और झाँसी की रक्षा करती रही। इसीलिए कवयित्री ने उसे 'मर्दानी' कहा है। 

खोजबीन 

1. 'बरछी' , 'कृपाण' , 'कटारी' , उस ज़माने के हथियार थे। आजकल के हथियारों के नाम पता करो। 
उत्तर :
बन्दुक , तोप , गोला , मिसाइलें , बम आदि आजकल के हथियार है। 

2. लक्ष्मीबाई के समय में ज़्यादा लड़कियां 'वीरांगना' नहीं हुई क्योंकि लड़ना उनका काम नहीं माना जाता था। भारतीय सेनाओं में अब क्या स्थिति है ? पता करो। 
उत्तर :
भारतीय सेनाओं में अब लड़कियो की संख्या बहुत अधिक है। लड़कियाँ आज सेना के तीनों विभागों - स्थल सेना , नौ सेना तथा वायु सेना में कार्यरत है। ये लड़कियाँ वीरतापूर्वक देश की सेवा कर रही है तथा 'वीरांगनाएँ' कहलाती है।

 भाषा की बात 

 नीचे लिखे वाक्यांशों (वाक्य के हिस्सों) को पढ़ो -

झाँसी की रानी     मिट्टी का घरौंदा     प्रेमचंद की कहानी     
पेड़ की छाया     ढाक के तीन पात     नहाने का साबुन 
मील का पत्थर     रेशमा के बच्चे     बनारस के आम 

• का , के और की दो संज्ञाओं का सम्बन्ध बताते है। ऊपर दिए गए वाक्यांशों में अलग - अलग जगह इन तीनों का प्रयोग हुआ है। ध्यान से पढ़ो  और कक्षा में बताओ कि का , के और की का प्रयोग कहाँ और क्यों हो रहा है ?

उत्तर :

'का' का प्रयोग - एकवचन संज्ञा शब्दों के साथ हुआ है -

मिट्टी का घरौंदा - मिट्टी का संबंध घरौंदे से बताने के लिए। 
नहाने का साबुन - साबुन का सम्बन्ध नहाने से बताने के लिए। 
मील का पत्थर - दूरी का सम्बन्ध पत्थर से बताने के लिए। 

'के' का प्रयोग - बहुवचन संज्ञा शब्दों के साथ किया गया है -

ढाक के तीन पात - पात का सम्बन्ध ढाक से बताने के लिए। 
रेशमा के बच्चे - बच्चों का सम्बन्ध रेशमा से बताने के लिए। 
बनारस के आम - आमों का सम्बन्ध बनारस से बताने के लिए। 

'की' का प्रयोग - स्त्रीलिंग सूचक संज्ञा शब्दों के साथ हुआ है। 

झाँसी की रानी - रानी का सम्बन्ध झाँसी से बताने के लिए। 
प्रेमचंद की कहानियाँ - कहानियों का संबंध प्रेमचंद से बताने के लिए। 
पेड़ की छाया - पेड़ का सम्बन्ध छाया से बताने के लिए। 

पढ़ने को 

1. प्रकाशन विभाग , नयी दिल्ली द्वारा प्रकाशित 'भारत की महान नारियाँ' श्रृंखला की पुस्तकें। 
2. चिल्ड्रन्स बुक ट्रस्ट , नयी दिल्ली से प्रकाशित कमला शर्मा द्वारा लिखित उपन्यास 'अपराजिता' 

उत्तर :

छात्र स्वयं करें। 



Previous Post Next Post