शब्द युग्म | कक्षा 6 | व्याकरण
प्रश्न 1. शब्द -युग्म किसे कहते है ? उदाहरण सहित स्पष्ट कीजिये।
उत्तर :
कही गई बात या शब्द के अर्थ को अधिक प्रभावपूर्ण बनाने के लिए कभी - कभी शब्दों का प्रयोग जोड़े के रूप में किया जाता है, जिसे शब्द -युग्म कहते है। जैसे : आना -जाना, ऊँचा -नीचा।
शब्द -युग्म दो प्रकार के होते है -
- पुनरुक्त शब्द युग्म
- अन्य शब्द युग्म
प्रश्न 2. पुनरुक्त शब्द युग्म किसे कहते है ? उदाहरण सहित समझाइये।
उत्तर :
वे शब्द -युग्म जिनमे एक ही शब्द को दो बार प्रयोग किया जाता है, पुनरुक्त शब्द -युग्म कहलाते है। जैसे : गाँव -गाँव, नगर -नगर, जल्दी -जल्दी।
कुछ पुनरुक्त शब्दों के उदाहरण और प्रयोग निम्नलिखित है -
- जल्दी -जल्दी : बच्चों के लिए दाना लेकर चिड़िया जल्दी -जल्दी घोंसलें की ओर उड़ चली।
- आगे -आगे : प्रकृति के साथ खिलवाड़ करने का फल मनुष्य को आगे -आगे मिलेगा।
- धीरे -धीरे : गर्म पृथ्वी ठंडी हुई और धीरे -धीरे जीवन के अनुकूल बन गई।
- अच्छे -अच्छे : अच्छे -अच्छे अंग्रेज लक्ष्मीबाई के सामने पराजित हो गए थे।
- गाँव -गाँव : आजकल गाँव -गाँव तक सड़कें पहुँच गई है।
- दाने -दाने : भूकंप में तबाह लोग दाने -दाने को मोहताज हो गए।
- काले -काले : आसमान में काले -काले बादल घिर आये।
- सोते -सोते : सोते -सोते वह उठ बैठा और रोने लगा।
- हाथों -हाथ : इस सुन्दर चित्र को लोग हाथों -हाथ खरीद लेंगे।
- द्वार -द्वार : भिखारी द्वार -द्वार जाकर भीख माँगता रहा।
- बड़े -बड़े : इन बड़े -बड़े बर्फ से ढके पहाड़ों को देखो।
प्रश्न 3. शब्द -युग्म कितने प्रकार के होते है ? स्पष्ट कीजिये।
उत्तर :
शब्द -युग्म मुख्यतः चार प्रकार के होते हैं -
(i) सजातीय शब्दों से बने हुए -
- दुःख -दर्द : गाँधीजी लोगों के दुःख -दर्द समझते थे।
- सीधा -साधा : केशव सीधा -साधा लड़का था।
- सड़ा -गला : सड़ा - गला फल खाने से तुम बीमार हो सकते हो।
- गीत -संगीत : गीत -संगीत जीवन को सरस बनाते है।
- पशु -पक्षी : हमें पशु -पक्षियों की रक्षा करनी चाहिए।
- उबड़ -खाबड़ : यह पहाड़ी जमीन बड़ी ऊबड़ -खाबड़ है।
- जादू -टोना : जादू -टोने से धन कमाने की आशा छोड़कर परिश्रम करो।
- भोला -भाला : गाँव के लोग भोले -भाले होते है।
- रहन -सहन : अब तो गाँव में बिजली आ जाने से रहन -सहन का स्तर बढ़ गया है।
- जैसे -तैसे : जैसे -तैसे करके उस गरीब की लड़की की शादी हो गई।
(ii) अर्थ -विस्तार हेतु समानार्थक शब्दों से बने हुए -
- काम -धंधा : फैक्ट्रियाँ बंद होने से मजदूरों का काम -धंधा छूट गया है।
- जान -पहचान : जान -पहचान के बिना इस कार्यालय में काम नहीं बनेगा।
- देवी -देवता : भारत देश में अनेक देवी -देवताओं की पूजा की जाती है।
- रंग -बिरंगे : बचपन में हम रंग -बिरंगे कपडे पहनते थे।
- कटी -फटी : नदी का किनारा कितना कटा -फटा है ?
- साफ़ -सुथरा : साफ -सुथरा स्थान सबका मन मोह लेता है।
(iii) विलोम शब्दों से बने हुए -
- थोड़ा -बहुत : अक्षर ज्ञान के बिना थोड़ा -बहुत भी नहीं लिख -पढ़ सकोगे।
- लेना -देना : कुछ जमींदारों को स्वतंत्रता संग्राम से कुछ लेना -देना नहीं था।
- आना -जाना : भूकंप के बाद कई दिनों तक मरीजों का अस्पताल में आना -जाना लगा रहा।
- ऊपर -नीचे : इसके मूल्य में कुछ ऊपर -नीचे हो सकता है क्या ?
- लाभ -हानि : व्यापर में लाभ -हानि तो लगी ही रहती है।
(iv) समान ध्वनि वाले शब्दों से बने हुए -
- गोल -मटोल : यह गोल -मटोल सा पत्थर कितना चिकना है।
- बचा -खुचा : बचा -खुचा भोजन मत फेंको, इसे जानवरों को खिला दो।
- आमने -सामने : हम दोनों अचानक आमने -सामने आ गए।
- दाना -पानी : इन लोगों का दाना -पानी इस संसार से उठ गया था।
- तर -बतर : मजदुर पसीने में तर -बतर हो रहा था।
- चेहरा -मोहरा : अरे ! इसका चेहरा -मोहरा तो मुझसे मिलता है।