शब्द और शब्द - भेद | व्याकरण | Shabd aur Shabd bhed | Grammar | Class 6

शब्द और शब्द - भेद | हिंदी व्याकरण | कक्षा 6 


प्रश्न 1. शब्द किसे कहते है ?
उत्तर :
एक या एक से अधिक वर्णो से बनी स्वतंत्र सार्थक ध्वनि शब्द कहलाती है। अर्थात वर्णो के सार्थक समूह को शब्द कहते है। 
जैसे - एक वर्ण से निर्मित शब्द - न , व। 
(जहाँ 'न' का अर्थ 'नहीं' तथा 'व' का अर्थ 'और' है।)
अनेक वर्णो से निर्मित शब्द - कुत्ता, शेर , भगवान आदि। 

प्रश्न 2. शब्द की प्रमुख विशेषताएँ बताइये। 
उत्तर :
शब्द की प्रमुख विशेषताएँ निम्नलिखित है -
  • सभी शब्द वर्णो के मेल से बनते हैं। 
  • शब्दों का कुछ - न - कुछ अर्थ होता है। 
  • शब्दों को वाक्यों में प्रयोग किया जाता है। 
प्रश्न 3. शब्द के भेद मुख्यतः किन आधारों पर किये जाते हैं ?
उत्तर :
शब्द के भेद मुख्यतः निम्नलिखित आधारों पर किए जाते हैं -
  • अर्थ के आधार पर 
  • रचना (बनावट) के आधार पर 
  • उत्त्पत्ति के आधार पर 
  • प्रयोग के आधार पर 
प्रश्न 4. अर्थ के आधार पर शब्दों के कितने भेद होते हैं ?
उत्तर :
अर्थ के आधार पर शब्दों के चार भेद होते हैं -
  1. एकार्थी शब्द - जिन शब्दों का एक ही अर्थ होता है, उन्हें एकार्थी शब्द कहते है। जैसे : जीवन , सुख , दीवार आदि। 
  2. अनेकार्थी शब्द - जिन शब्दों के एक से अधिक अर्थ निकलते है, उन्हें अनेकार्थी शब्द कहते है। जैसे : अंग का मतलब भाग , शरीर का अवयव होता है। 
  3. पर्यायवाची शब्द - जिन शब्दों का अर्थ समान होता है, उन्हें पर्यायवाची शब्द कहते है। जैसे - अमृत का अर्थ सोम , सुधा , पीयूष तथा भगवान का अर्थ ईश्वर , परमात्मा , प्रभु होता है। 
  4. विलोम शब्द - परस्पर विरोधी अर्थ वाले शब्द विलोम शब्द कहलाते है। जैसे : आदर - अनादर , हानि - लाभ 
प्रश्न 5. रचना (बनावट) के आधार पर शब्दों के कितने भेद होते हैं ?
उत्तर :
रचना (बनावट) के आधार पर शब्दों के तीन भेद होते है -
  1. रूढ़ - जिन शब्दों के टुकड़े नहीं किए जा सकते तथा जो किसी प्रचलित सामान्य अर्थ को प्रकट करते है, उन्हें रूढ़ शब्द कहते है। जैसे - कल, पानी आदि। 
  2. यौगिक - जो शब्द दो या दो से अधिक सार्थक शब्दों के मेल से बने हो, उन्हें यौगिक शब्द कहते हैं। जैसे - हिम + आलय = हिमालय , पाठ + शाला = पाठशाला। 
  3. योगरूढ़ - वे शब्द जो यौगिक तो हैं, परन्तु उनका प्रयोग किसी विशेष अर्थ में ही किया जाता है। जैसे - दशानन (दश + आनन) शब्द का सामान्य अर्थ है - दस मुखों वाला। लेकिन यह शब्द सामान्य अर्थ में प्रयुक्त न होकर रावण के अर्थ में प्रयोग किया जाता है। 
प्रश्न 6. उत्त्पत्ति के आधार पर शब्दों के कितने भेद होते है ?
उत्तर :
उत्त्पत्ति के आधार पर शब्दों के चार भेद होते हैं -
  1. तत्सम शब्द - संस्कृत के वे शब्द , जो अपने मूल रूप में हिंदी में भी प्रयोग किये जाते है , तत्सम शब्द कहलाते है , जैसे - रात्रि , सूर्य , गुरु आदि। 
  2. तदभव शब्द - संस्कृत के वे शब्द , जो कुछ बदलकर हिंदी में प्रयोग किये जाते है , तदभव शब्द कहलाते है। जैसे - आग (अग्नि) , खेत (क्षेत्र), रात (रात्रि) आदि। 
  3. देशज शब्द - जो शब्द किसी भी भाषा से नहीं आये है , बल्कि क्षेत्रीय प्रभाव  कारण परिस्थिति व आवश्यकतानुसार बना लिए गए है, देशज शब्द कहलाते है। जैसे - गाड़ी , थैला , पगड़ी आदि। 
  4. विदेशी शब्द - विदेशी भाषाओ के कुछ शब्द हिंदी में प्रयोग किये जाने लगे है। ऐसे शब्दों को विदेशी शब्द कहते है। जैसे - स्कूल , सिगरेट , चश्मा , चाकू, गरीब , तौलिया , पुलिस , चाय आदि। 
प्रश्न 7. वाक्य में प्रयोग के आधार पर शब्दों के कितने भेद होते है ?
उत्तर :
वाक्य में प्रयोग के आधार पर शब्दों के दो भेद होते है -
  1. विकारी शब्द - वे शब्द जो वाक्य में प्रयोग होने पर लिंग , वचन , काल , पुरुष आदि के अनुसार परिवर्तित हो जाते हैं , विकारी शब्द कहलाते है। जैसे - 'लड़का' शब्द प्रयोग के आधार पर लड़के, लड़कों, लड़की आदि अनेक रूपों में प्रयुक्त होता है। विकारी शब्दों के चार भेद है - संज्ञा , सर्वनाम , विशेषण , क्रिया। 
  2. अविकारी शब्द - जिन शब्दों में वाक्य में प्रयोग करने पर कोई विकार नहीं आता है , अर्थात कोई परिवर्तन नहीं होता , वे अविकारी शब्द कहलाते है। इन्हे अव्यय भी कहते हैं। अविकारी शब्दों के चार भेद है - क्रिया विशेषण , सम्बन्ध बोधक , समुच्चय बोधक , विस्मयादि बोधक।  
Previous Post Next Post